आलेख: सीट नहीं सियासी जीत की लड़ाई, कांग्रेस-सपा को गठबंधन के भीतर विश्वास की जरूरत

उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। गठबंधन की सफलता के लिए सीटों से ज्यादा आपसी विश्वास और जीत जरूरी है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी सरगर्मी बढ़ने के साथ ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान सामने आ रही है। इस खींचतान ने विपक्षी एकता के दावों की वास्तविकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर दोनों दल भारतीय जनता पार्टी के मुकाबले मजबूत राजनीतिक चुनौती पेश करने की तैयारी में जुटे हैं। वहीं दूसरी ओर गठबंधन के भीतर सीटों की संख्या, राजनीतिक प्रभाव और नेतृत्व की प्राथमिकताओं को लेकर लगातार असहजता सामने आ रही है।

सीटों की संख्या नहीं जीत का है असली मकसद

सवाल केवल यह नहीं है कि सपा कितनी सीटें चाहती है और कांग्रेस कितनी सीटों पर दावा कर रही है। असली सवाल यह है कि क्या दोनों दल उस राजनीतिक समझ और परिपक्वता का परिचय दे पाएंगे, जिसकी अपेक्षा एक प्रभावी गठबंधन से की जाती है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि बात सीट की नहीं, जीत की है। उनका यह संदेश सपा-कांग्रेस के बीच चल रही खींचतान के बीच एक तरह से राजनीतिक संयम की अपील भी है। लेकिन राजनीति में केवल संदेश काफी नहीं होते और संदेश को जमीन पर उतारने की इच्छाशक्ति भी चाहिए।

जमीनी हकीकत और सामाजिक समीकरणों की चुनौती

चुनावी गठबंधन कोई ऐसा समझौता नहीं होता जिसमें केवल सीटों का गणित बैठा दिया जाए। गठबंधन का अर्थ है कि एक-दूसरे के राजनीतिक अस्तित्व का सम्मान, साझा रणनीति और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय होना चाहिए। उत्तर प्रदेश में यह खतरा और भी बड़ा है क्योंकि यहां चुनाव सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों के बीच भी लड़ा जाता है। प्रत्येक सीट का अपना अलग सामाजिक समीकरण, स्थानीय नेतृत्व और राजनीतिक इतिहास होता है। इसलिए केवल सीटों की संख्या के आधार पर फार्मूला तैयार करना पर्याप्त नहीं होगा।

भाजपा की रणनीति और विपक्षी दलों की कमजोरी

भारतीय जनता पार्टी ने सपा-कांग्रेस के बीच जारी मतभेदों को अपने राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी का गठबंधन को लठबंधन कहना इसी रणनीति का हिस्सा है। भाजपा के लिए विपक्षी गठबंधन के भीतर का प्रत्येक मतभेद एक बड़ा राजनीतिक अवसर है। विपक्ष जितना अधिक एक-दूसरे के खिलाफ बोलेगा, भाजपा उतना ही यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि विपक्ष आपसी संघर्ष में उलझ गया है। यह विडंबना है कि जो दल बड़े मुद्दों को लेकर एक मंच पर आने की बात करते हैं, वे सीटों के प्रश्न पर सार्वजनिक असहमति का प्रदर्शन कर रहे हैं।

गठबंधन की राजनीति में विश्वास का संकट

गठबंधन की राजनीति में सबसे बड़ा संकट सीटों की संख्या का नहीं बल्कि विश्वास का संकट होता है। यदि सपा को कांग्रेस पर और कांग्रेस को सपा पर भरोसा नहीं होगा तो कोई भी सीट समझौता स्थायी नहीं हो सकता। दोनों दलों को यह स्वीकार करना होगा कि गठबंधन में किसी एक दल की पूर्ण राजनीतिक संतुष्टि संभव नहीं होती। राजनीति में कभी-कभी कम सीटों पर लड़ना अधिक सीटें जीतने की रणनीति भी हो सकती है। इसके विपरीत अधिक सीटों पर लड़ने का अहंकार कई बार जीत की संभावनाओं को कमजोर कर देता है।

कार्यकर्ताओं का तालमेल और साझा राजनीतिक लक्ष्य

चुनाव केवल नेताओं का नहीं होता बल्कि चुनाव पार्टी के कार्यकर्ता लड़ते हैं। यदि सपा का कार्यकर्ता कांग्रेस प्रत्याशी को और कांग्रेस का कार्यकर्ता सपा प्रत्याशी को अपना उम्मीदवार स्वीकार नहीं करता तो पूरा गणित बिगड़ सकता है। इसलिए सीट समझौते के साथ साझा चुनाव अभियान और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बहुत जरूरी है। मतदाता यह जानना चाहता है कि उसके सामने विकल्प क्या है और सत्ता मिलने पर वह क्या काम करेगा। सपा और कांग्रेस को बेरोजगारी, महंगाई और किसानों जैसे मुद्दों पर स्पष्ट साझा दृष्टिकोण सामने रखना होगा।

निष्कर्ष और आपसी बातचीत की आवश्यकता

इस समय सपा और कांग्रेस को यह तय करना होगा कि उनके लिए प्राथमिकता राजनीतिक प्रतिष्ठा है या चुनावी सफलता। यदि वे जीत को प्राथमिकता देंगे तो सीटों का विवाद बातचीत के माध्यम से आसानी से सुलझाया जा सकता है। उत्तर प्रदेश की जनता नेताओं के बयान सुनती है और उनके व्यवहार का सही आकलन भी करती है। अब समय सार्वजनिक बयानबाजी बढ़ाने का नहीं बल्कि बंद कमरे में गंभीर बातचीत करने का है। बात सचमुच सीट की नहीं बल्कि जीत की है और जीत के लिए सबसे पहले गठबंधन के भीतर विश्वास की जरूरत है।

About the Author