सोनिया गांधी की किताब में कुमारी सैलजा का नाम, हरियाणा में हलचल!
सोनिया गांधी ने हरियाणा कांग्रेस से दूध और पानी को किया अलग
- अपनी आत्मकथा में कुमारी सैलजा को बताया मददगार
- ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में प्रयोग शब्दों के बेहद गहरे मायने
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्षा सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ मार्केट में आ चुकी है। हर तरफ इस किताब को लेकर चर्चा है। इसमें सोनिया गांधी ने 10 ऐसे नामों का जिक्र किया है, जो राजनीतिक सफर में उनके बेहद करीब रहे। इसमें हरियाणा से अकेला नाम लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा का है। यूं कहें कि सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में हरियाणा कांग्रेस से दूध और पानी को अलग कर दिया है, तो इसमें कोई दोराय नहीं होगी।
सोनिया गांधी की कलम से कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह, प्रियरंजन दास मुंशी, माधवराव सिंधिया, एके एंटनी, प्रणब मुखर्जी, अंबिका सोनी, अहमद पटेल, कुमारी सैलजा और ऑस्कर फर्नांडिस का नाम आत्मकथा में दर्ज हुआ है। इनमें से एके एंटनी, अंबिका सोनी व कुमारी सैलजा ही फिलहाल जीवित हैं। कुमारी सैलजा को पुस्तक में जगह मिलने के बेहद गहरे मायने हैं। सोनिया गांधी के शब्दों का भाव समझें तो लगता है कि कुमारी सैलजा उन्हें कूल कर रही हैं, उनका हौंसला बढ़ा रही हैं। इस तरह से कोई मां, बहन या बेटी ही किसी को कूल कर सकती है या फिर हौंसला बढ़ा सकती है। 79 वर्षीय सोनिया गांधी की 64 वर्षीय कुमारी सैलजा मां तो नहीं हो सकती। लेकिन, छोटी बहन या बेटी के तौर पर सोनिया ने उन्हें जरूर महसूस किया होगा। इसलिए अपनी आत्मकथा में उनका जिक्र करना नहीं भूली।
‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के आने के बाद अब एक बात और क्लीयर हो जानी चाहिए कि अक्सर सोनिया गांधी के साथ या पीछे नजर आने वाली कुमारी सैलजा गांधी परिवार के लिए क्या मायने रखती हैं? अभी दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई रैली में भी कुमारी सैलजा सोनिया गांधी के बिल्कुल पीछे ही थी। सोच कर देखिए कि सिर्फ सोनिया गांधी के ही साथ नहीं, बल्कि प्रियंका व राहुल के आसपास भी कुमारी सैलजा क्यों नजर आती हैं? इसका जवाब है कि वे उनकी फैमली मैंबर की तरह हैं। यह कोई राजनीतिक रिश्ता नजर नहीं आता।
साढ़े 9 साल तक हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे शख्स का सोनिया गांधी की आत्मकथा में जिक्र तक नहीं होने से साफ है कि हरियाणा कांग्रेस के स्वयंभू मालिक पैसे के दम चीजों को कैप्चर कर सकते हैं, लेकिन गांधी परिवार के दिल में आज तक जगह नहीं बना पाए। हां, षड्यंत्र करके राहुल-प्रियंका के इर्द-गिर्द खड़े तो हो सकते हैं। वहीं, सवाल उठता है कि कुमारी सैलजा हमेशा चुप क्यों रहती हैं? कांग्रेस के झंडे में लिपट कर जाने की बात क्यों करती हैं? क्योंकि, उन्हें इस बात का आभास है कि कांग्रेस की सरकार बनती है तो फिर क्या होगा? इसलिए उन्हें दिखावे या किसी तरह के शक्ति प्रदर्शन की जरूरत नहीं है। इधर, पिता-पुत्र अपने चेलों के सामने खुद के दिल्ली में ताकतवर होने का ढोंग रचते हैं। सिर्फ इस कोशिश में कि कहीं वे उन्हें राजनीतिक तौर पर छोड़कर भाग न जाएं। इसलिए ही अक्सर खुद को गांधी परिवार के करीब दिखाने की भरसक कोशिश करते हैं।
‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में लिखा एक-एक शब्द यदि सच है तो फिर पूरे होशो-हवास में आज एक और भविष्यवाणी करता हूं। वह यह कि मुझे कुमारी सैलजा का राजनीतिक भविष्य बेहद सुनहरा नजर आ रहा है, बेहद उज्ज्वल और साफ दिखाई दे रहा है। आप में से कुछ को याद होगा कि मैंने पिछले दिनों एक और भविष्यवाणी की थी, कि पूर्व मुख्यमंत्री का भावी सीएम बेटा, सदा-सदा के लिए ‘पूर्व भावी सीएम’ हो चुका है, तो इस बात पर सोनिया गांधी की आत्मकथा अपनी मुहर लगाती है।
‘बाकी… ईब थारी सूत नहीं आणी’
सोनिया गांधी की आत्मकथा एक लिखित दस्तावेज बन चुकी है। और, इसमें जिक्र न होने से एक बात साफ है कि अब बाबू-बेटे का हिसाब हो चुका है। ईब थारी सूत नहीं आणी। क्योंकि, हिसाब भी कह कर किया गया है। बिना मांगी एक सलाह जरूर दूंगा, उछलकूद में कमी मत रखना। कुछ अपने पल्ले बचा कर रखना है तो अलग पार्टी बना लो। नहीं बनाई तो तुम्हारी अगत भी मुझे ही सोचनी पड़ेगी कि क्या करोगे? क्योंकि, मां के लिखे शब्दों को राहुल कभी भूल नहीं पाएगा और प्रियंका तुम्हारे लिए अब कभी बोल नहीं पाएगी। कुमारी सैलजा का नाम सामने आते ही उनकी निष्ठा व समर्पण भाई-बहन के दिल व दिमाग में घूमने शुरू हो जाएंगे। वैसे भी बाबू-बेटा और कुमारी सैलजा हरियाणा में राजनीति के अलग-अलग ध्रुव हैं। ये भय पैदा करते हैं। डराते हैं, दबाने, धमकाने की राजनीति करते हैं। कुमारी सैलजा कांग्रेस को जीती हैं। और, इस गैप को ये अब कभी नहीं भर सकते।
- अजय दीप लाठर, लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक हैं।
