गोवर्धन पूजा 2026: 10 नवंबर को मनाया जाएगा पर्व, जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और 56 भोग का महत्व
Govardhan Puja 2026 Date: दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का पावन पर्व मनाया जाता है। हालांकि, साल 2026 में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि दो दिन पड़ने के कारण गोवर्धन पूजा की सटीक तारीख को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
धार्मिक मान्यताओं और उदया तिथि के अनुसार, गोवर्धन पूजा का मुख्य पर्व 10 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। वहीं, जिन क्षेत्रों में प्रतिपदा तिथि की रात में पूजा-अर्चना और अन्नकूट आयोजन की परंपरा है, वहां 9 नवंबर की रात को भी यह उत्सव मनाया जाएगा।
गोवर्धन पूजा 2026 की तिथि और शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट से शुरू होगी और 10 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे समाप्त होगी।
उदया तिथि के अनुसार, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा करना उचित माना जाएगा. वहीं, जिन क्षेत्रों में अन्नकूट और गोवर्धन पूजा रात में करने की परंपरा है, वहां 9 नवंबर की रात को पूजा की जाएगी।
पंचांग के अनुसार
प्रातःकालीन मुहूर्त: सुबह 6:41 बजे से 8:51 बजे तक।
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:30 बजे से 5:56 बजे तक।
ध्यान दें: पूजा का समय अपने शहर के स्थानीय पंचांग के अनुसार जरूर जांच लें, क्योंकि अलग-अलग स्थानों पर मुहूर्त में अंतर हो सकता है।
घर के आंगन या मुख्य द्वार के पास गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाया जाता है।
इसे फूलों से सजाया जाता है और गाय, बछड़े व पेड़-पौधों की आकृतियां बनाई जाती हैं।
बीच में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति या चित्र स्थापित किया जाता है।
भगवान को रोली, चंदन, फूल, मौली, धूप और नैवेद्य अर्पित किया जाता है।
गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की जाती है।
भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग लगाया जाता है।
कई मंदिरों में विशेष अन्नकूट उत्सव मनाया जाता है।
गोवर्धन पूजा का पौराणिक महत्व
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र देव की पूजा के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने की सलाह दी थी। इससे नाराज होकर इंद्र देव ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सात दिनों तक ब्रजवासियों को बारिश से बचाया।
मान्यता है कि इस घटना के बाद से गोवर्धन पूजा की परंपरा शुरू हुई। इस दिन प्रकृति, गाय और गोवर्धन पर्वत के प्रति आभार जताया जाता है।
क्या है अन्नकूट का महत्व और 56 भोग की परंपरा?
अन्नकूट का अर्थ है अन्न का पहाड़। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को तरह-तरह के पकवान, मिठाइयां और सब्जियां अर्पित की जाती हैं। कई मंदिरों में इन व्यंजनों को पहाड़ के आकार में सजाकर भोग लगाया जाता है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। इसके बाद उन्हें 56 प्रकार के पकवानों का भोग लगाया गया. तभी से 56 भोग और अन्नकूट की परंपरा जुड़ी मानी जाती है। भोग के बाद प्रसाद लोगों में बांटा जाता है।