करवा चौथ 2026: 29 अक्टूबर को व्रत, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त
करवा चौथ 2026 का व्रत 29 अक्टूबर को रखा जाएगा। पं. रामकिशन महाराज ने बताया पूजा का शुभ मुहूर्त, चंद्रोदय का समय और व्रत की पूरी विधि। जानें कब दिखेगा चांद।
करवा चौथ व्रत कल, पूजा का मुहूर्त मात्र 1 घंटा 18 मिनट : पं. रामकिशन महाराज चंद्रोदय दिल्ली के समय अनुसार हो सकता है रात्रि 8 बजकर 17 मिनट पर तोशाम, 27 अक्टूबर,(विष्णु दत्त शास्त्री)। पति की लंबी आयु के लिए महिलाओं द्वारा निर्जला रहकर रखा जाने वाला करवा चौथ का व्रत अबकी बार 29 अक्टूबर को रखा जाएगा। यह जानकारी देते हुए तोशाम के दक्षिणमुखी संकटमोचन मेहंदीपुर बालाजी दरबार के महंत पंडित रामकिशन महाराज ने बताया कि पति-पत्नी के अटूट प्रेम, विश्वास, समर्पण का प्रतीक पर्व करवाचौथ गुरुवार 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा। उनका कहना था कि ज्योतिषीय दृष्टि से इस दिन रोहिणी नक्षत्र और वृष राशि में चंद्रमा की स्थिति को विशेष महत्व दिया जा रहा है। पं. रामकिशन महाराज के अनुसार, चंद्रमा मन, शीतलता और भावनाओं का प्रतीक है, जबकि रोहिणी नक्षत्र को सौंदर्य, आकर्षण और समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में चंद्रदर्शन और चंद्रदेव की पूजा इस पर्व का सबसे भावपूर्ण क्षण होगा। व्रती महिलाएं चन्द्रदेव को अर्घ्य देकर करेंगी जलग्रहण... पंडित रामकिशन महाराज का कहना था कि करवा चौथ पर महिलाएं सूर्योदय से चंद्रोदय तक निर्जला व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन में प्रेम बनाए रखने की कामना करती हैं। शाम को महिलाएं चंद्रदेव को अर्घ्य देती हैं और पति के दर्शन कर उनके हाथों से जल ग्रहण करके व्रत खोलती हैं। करवा चौथ पूजा के लिए शुभ समय और चंद्रोदय समय... पंडित रामकिशन महाराज ने बताया कि अबकी बार करवा चौथ पर पूजा का शुभ समय शाम 5 बजकर 38 मिनट से 6 बजकर 55 मिनट तक रहेगा। पं. रामकिशन महाराज ने कहा कि करवा चौथ पर चंद्रमा के दर्शन का विशेष महत्व होता है। दिल्ली में 29 अक्टूबर को चंद्रोदय रात करीब 8 बजकर 12 मिनट से 8 बजकर 17 मिनट के बीच बताया गया है। दूसरे शहरों में चांद निकलने का समय अलग हो सकता है,उदाहरण के लिए, लखनऊ में चंद्रोदय करीब रात 8 बजकर 6 मिनट और मुंबई में करीब रात 9 बजे होने का अनुमान है। उनका कहना था कि महिलाएं चंद्रमा निकलने के बाद उसे अर्घ्य देती हैं और पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। इसके बाद छलनी से चंद्रमा और पति को देखने की परंपरा निभाई जाती है। फिर पति के हाथों से जल ग्रहण करके व्रत खोला जाता है। बादलों या खराब मौसम के कारण चांद दिखाई देने में देरी हो सकती है। मिट्टी का करवा मंगल और समृद्धि का प्रतीक... पं. रामकिशन महाराज ने कहा कि इस पर्व में मिट्टी से बने करवे का विशेष महत्व है। करवे में जल भरकर पूजा की जाती है और चंद्रदेव को अर्घ्य देने के लिए भी जल का उपयोग होता है। मिट्टी का करवा मंगलभाव, सादगी, जीवनदायिनी प्रकृति और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। कई परिवारों में करवे का आदान-प्रदान करने की परंपरा भी प्रचलित है। उन्होंने बताया कि यह व्रत पति-पत्नी के प्रेम, विश्वास, समर्पण और पारिवारिक सुख का प्रतीक है। इस दिन महिलाएं माता पार्वती और भगवान शिव से अपने वैवाहिक जीवन की मंगलकामना करती हैं। व्रत की विधि... पंडित रामकिशन महाराज ने करवा चौथ व्रत की सम्पूर्ण विधि बताते हुए कहा कि व्रती महिलाएं सूर्योदय से पहले स्नान कर स्वच्छ वस्त्र पहनें। सास द्वारा दी गई सरगी ग्रहण करें। माता पार्वती, भगवान शिव और गणेश जी का स्मरण कर व्रत का संकल्प लें। दिन भर निर्जला या फलाहार व्रत रखें। शाम को पूजा स्थल पर माता पार्वती, शिव, गणेश की पूजा करें। करवा चौथ की व्रत कथा सुनें या पढ़ें।दीपक जलाकर सुखी वैवाहिक जीवन की प्रार्थना करें। चंद्रमा निकलने पर छलनी से दर्शन करें। चंद्रदेव को जल से अर्घ्य दें। पति के दर्शन करके व्रत खोलें।