हरियाणा की बेटियों ने कबड्डी में फिर लहराया परचम, 52वीं जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार जीता स्वर्ण पदक: कृष्ण लाल पंवार

 
हरियाणा की बेटियों ने कबड्डी में फिर लहराया परचम, 52वीं जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में लगातार दूसरी बार जीता स्वर्ण पदक: कृष्ण लाल पंवार

चंडीगढ़, 29 नवंबर— हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री तथा एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के चेयरमैन श्री कृष्ण लाल पंवार ने पंजाब के फरीदकोट में 25 से 28 नवंबर तक आयोजित 52वीं जूनियर नेशनल बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम द्वारा शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतने पर खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

 

श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम ने हिमाचल प्रदेश को 29-23 के अंतर से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह विशेष गौरव की बात है कि हरियाणा की जूनियर बालिका कबड्डी टीम ने लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। इससे पहले सेमीफाइनल में भी हरियाणा की टीम ने राजस्थान की मजबूत टीम को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी।

 

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना इस शानदार जीत का आधार रही है। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के अथक प्रयासों का परिणाम है, बल्कि प्रशिक्षकों, खेल अधिकारियों और मार्गदर्शकों के निरंतर सहयोग एवं सही दिशा-निर्देशों का भी प्रतिफल है।

 

विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि हरियाणा की बेटियां खेलों के मैदान में लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और सम्मान प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारकर देश के लिए गौरव हासिल कर सकें।

 

श्री पंवार ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए टीम की सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे हरियाणा के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि में एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार, महासचिव श्री नसीब जांघू तथा एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं सहयोग की भी सराहना की।

 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा की बेटियां भविष्य में भी इसी तरह खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी तथा अन्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेंगी।

About the Author

Atal Hind
Atal Hind atalhind@gmail.com

82 Articles

अटल हिंद (Atal Hind) भारत और दुनिया भर की सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरों को आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध एक अग्रणी डिजिटल समाचार प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य पाठकों को न केवल खबरों से अपडेट रखना है, बल्कि उन्हें देश-दुनिया में हो रहे महत्वपूर्ण बदलावों का सही और गहरा विश्लेषण प्रदान करना भी है।